डीएम एवं सीडीओ के मार्गदर्शन में महिलाओं की आत्मनिर्भरता की मिसाल — विद्युत सखी अनुपम त्यागी बनीं प्रेरणा श्रोत


अमेठी। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जनपद अमेठी निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में विकास खंड सिंहपुर की ग्राम पंचायत अहोरवा भवानी की निवासी अनुपम त्यागी, सवित्री बाई महिला स्वयं सहायता समूह एवं गंगा महिला प्रेरणा संकुल संघ की सदस्य के रूप में आत्मनिर्भरता की एक सशक्त मिसाल बनी हैं।

संघर्ष से सफलता तक की यात्रा-

अनुपम त्यागी ने वर्ष 2022 में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत आई०सी०आर०पी० दीदीयों से प्रेरणा लेकर समूह से जुड़ने का निर्णय लिया। समूह से जुड़ने से पहले वे एक सामान्य गृहणी थीं, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी तथा आजीविका के सीमित साधन थे। समूह का गठन होने के उपरांत उन्होंने नियमित बैठकों में भाग लिया, समूह संचालन एवं लेखा जोखा सीखना शुरू किया। तत्पश्चात समूह में प्राप्त सामुदायिक निवेश निधि से ₹30,000 का ऋण लेकर विद्युत सखी के रूप में कार्य प्रारंभ किया।

आर्थिक सशक्तिकरण की नई दिशा-

अनुपम त्यागी ने अपने समर्पण एवं मेहनत से मात्र एक वर्ष में ₹2,24,48,678 के विद्युत बिल संग्रह किए, जिससे उन्हें ₹3,02,790 का कमीशन प्राप्त हुआ। आज वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार हेतु प्रेरित कर रही हैं। उनके पिता, जो प्रारंभ में इस कार्य से असहमत थे, अब उनकी उपलब्धियों पर गर्व करते हैं और विद्युत सखी के कार्य में उनका सहयोग भी कर रहे हैं।

प्रेरणा एवं संदेश-

अनुपम त्यागी कहती हैं — “समूह से जुड़कर मुझे आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता दोनों मिली हैं। आजीविका मिशन ने मेरे जीवन की दिशा बदल दी है। मेरी कामना है कि हर महिला किसी न किसी समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बने और अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ाए।”

जिलाधिकारी संजय चौहान एवं मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने कहा कि – “राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जनपद अमेठी की महिलाएँ आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। विद्युत सखी अनुपम त्यागी जैसी महिलाएँ ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण की सच्ची प्रतीक हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर ग्राम पंचायत में ऐसी प्रेरक कहानियाँ सामने आएँ और समूहों के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाएँ स्वरोजगार से जुड़ें।”



इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आरबीएस कॉलेज की सपना मिश्रा का सपना हुआ साकार”

लोकसभा क्षेत्र देवरिया से अगम स्वरूप कुशवाहा चुनाव लडेंगे

वाटरशेड यात्रा उत्तर प्रदेश के 34 जिलों में होगी - संतोष मौर्य