“अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस” पर महिला सशक्तिकरण विषयक कार्यक्रम का आयोजन


कुशीनगर - अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस के अवसर पर आईसीएआर – भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र एवं कृषि विज्ञान केंद्र, कुशीनगर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 50 महिला एवं पुरुष कृषक उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका, सशक्तिकरण एवं उनकी सामाजिक-आर्थिक उन्नति पर चर्चा करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पी. पी. सिंह एवं डॉ. शमशेर सिंह ने की।

अपने स्वागत भाषण में डॉ. पी. पी. सिंह ने कहा कि ग्रामीण महिला न केवल परिवार की रीढ़ हैं, बल्कि कृषि उत्पादन, खाद्य सुरक्षा और पोषण सुरक्षा की भी आधारशिला हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आज की महिला खेती के प्रत्येक क्षेत्र में बुवाई, फसल प्रबंधन, बीज संरक्षण, पशुपालन एवं उद्यानिकी में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग हेतु प्रेरित किया ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में समान भागीदारी निभा सकें।

डॉ. शमशेर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक सामाजिक पहल नहीं, बल्कि यह आर्थिक विकास की कुंजी है। उन्होंने बताया कि जब महिलाएँ निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल होती हैं, तब परिवार, समुदाय और देश – तीनों स्तरों पर सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलता है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को प्रेरित किया कि वे स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और उद्यमिता गतिविधियों के माध्यम से अपने आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाएँ।

कार्यक्रम के दौरान महिला कृषकों ने अपने अनुभव साझा किए और कृषि में आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर चर्चा की। महिला प्रतिभागियों को पौष्टिकता एवं आजीविका सुधार के उद्देश्य से मोरिंगा (सहजन) के पौधे वितरित किए गए, जिससे वे अपने घरों में पोषण युक्त आहार उत्पादन को प्रोत्साहित कर सकें।

इस अवसर पर वैज्ञानिक स्टाफ—श्रुति वी. सिंह, डॉ. गंगाराज, डॉ. रमेश के. बी., ऋधि वर्मा, विषाल सिंह, रजनीश पांडेय सिंह, जेपी गुप्ता, एवं मोतीलाल कुशवाहा उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान दिया।

कार्यक्रम का समापन महिलाओं के योगदान के प्रति आभार एवं उनके निरंतर सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आरबीएस कॉलेज की सपना मिश्रा का सपना हुआ साकार”

लोकसभा क्षेत्र देवरिया से अगम स्वरूप कुशवाहा चुनाव लडेंगे

वाटरशेड यात्रा उत्तर प्रदेश के 34 जिलों में होगी - संतोष मौर्य