मिठाइयों व दुग्ध उत्पादों के नमूने संग्रहित, 386 किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट


देवरिया-खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी देवरिया के निर्देशन में और सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, देवरिया के आदेश के अनुपालन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र के नेतृत्व में दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज पर्व के दृष्टिगत आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत 13 अक्टूबर, 2025 को जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल चार खाद्य नमूने संग्रहित किए गए।

पुरवा चौराहा स्थित मिठाई निर्माण इकाई (कारखाना) का निरीक्षण करते हुए टीम ने प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों के संबंध में सुधार सूचना जारी की। निरीक्षण के दौरान देशी घी, खोया एवं छेना मिठाई के एक-एक नमूने लिए गए। मिलावट की आशंका के आधार पर 14 किलोग्राम देशी घी (अनुमानित मूल्य ₹9,660) को जब्त किया गया।

वहीं देवरिया सिविल लाइंस रोड स्थित मिष्ठान विक्रय प्रतिष्ठान से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया।

अब तक चलाए गए इस विशेष अभियान में 15 छापेमारी कार्रवाइयों में 22 नमूने लिए जा चुके हैं। साथ ही गंदगी एवं अस्वस्थकर परिस्थितियों में भंडारित लगभग 386 किलोग्राम खाद्य पदार्थ (अनुमानित मूल्य ₹1,08,320) को नष्ट किया गया है तथा 14 किलोग्राम देशी घी को जब्त किया गया है।

सभी निरीक्षण स्थलों पर ग्राहक संतुष्टि फीडबैक स्टिकर चिपकाए गए और पाई गई कमियों के संबंध में सुधार सूचना जारी की गई।

 संग्रहित सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ (उ.प्र.) भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नमूना संग्रह की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों घनश्याम वर्मा, राम यादव तथा राजू पाल की टीम द्वारा की गई।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आरबीएस कॉलेज की सपना मिश्रा का सपना हुआ साकार”

लोकसभा क्षेत्र देवरिया से अगम स्वरूप कुशवाहा चुनाव लडेंगे

वाटरशेड यात्रा उत्तर प्रदेश के 34 जिलों में होगी - संतोष मौर्य